नई दिल्ली । दिल्ली के गोविंदपुरी में सनसनीखेज घटना सामने आई है। मानवता को शर्मसार करते हुए एक नाबालिग लड़की की चाची ने उसे वेश्यावृति के धंधे में धकेल दिया। चाची ने लड़की का 55 हजार रुपए में सौदा किया था और उसे एक शख्स को बेच दिया था। हालांकि, किसी तरह पीड़िता शख्स के चंगुल से निकलकर फरार हो गई और एक एनजीओ की मदद से पुलिस के पास पहुंची। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। गोविंदपुरी थाने की पुलिस ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज किया गया है। वहीं, नाबालिग को खरीदने वाले आरोपी नन्दू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता की चाची अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया गया है। लड़की की उम्र 17 साल है। वह अपनी सगी चाची के साथ अम्बेडकर नगर में रहती है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के माता-पिता नहीं हैं। उनका बीमारी के चलते पहले ही निधन हो चुका है। पुलिस को पीड़िता ने बताया कि उसकी चाची ने आरोपी नन्दू को 55 हजार रुपए में बेच दिया था। नंदू भी गोविंदपुरी में रहता है। वैसे वह पश्चिम बंगाल का मूल निवासी है। पीड़िता के मुताबिक, नन्दू उसे खरीदकर अपने घर ले गया फिर उससे वेश्यावृति कराने के लिए मजबूर कर दिया। पीड़िता ने बताया कि एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने उसके साथ रेप के वारदात को अंजाम दिया है। बीते मंगलवार शाम एक शख्स उसके साथ दरिंदगी करने आया था। लेकिन, वह चकमा देकर वहां से फरार हो गई। फिर उसने जैसे-तैसे एक एनजीओ का पता लिया और उनसे मदद मांगी। एनजीओ से जुड़े लोग उसे पुलिस के पास ले गए। पुलिस के अधिकारिय़ों ने बताया कि पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टरों की एक टीम ने पीड़िता का मेडिकल किया है। इस आधार पर आरोपियों के खिलाफ रेप सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू हो गई है। आरोपी नन्दू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस आरोपी महिला के मोबाइल लोकेशन को खंगाल रही है।