भोपाल । लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा में कांग्रेस पिछड़ती जा रही है। भाजपा जहां मप्र की सभी 29 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। वहीं कांग्रेस अभी तक सिर्फ 10 प्रत्याशी ही तय कर पाई है। इनमें से कांग्रेस ने एक भी महिला को टिकट नहीं दिया है। जबकि भाजपा ने इस बार 6 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। हालांकि 2019 के चुनाव में कांग्रेस ने 5 और भाजपा ने 4 महिलाओं को चुनाव मेंं उतारा था। इनमें से कांग्रेस की एक भी महिला प्रत्याशी नहीं जीती, जबकि भाजपा की चारों महिलाएं चुनाव जीती थीं।
भाजपा ने इस बार 6 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। इनमें से दो प्रत्याशी भिंड से संध्या राय और शहडोल से हिमाद्री सिंह को फिर से चुनाव में उतारा है। जबकि सीधी से रीति पाठक विधायक बनने के बाद इस्तीफा दे चुकी हैं और भोपाल से प्रज्ञा सिंह ठाकुर का टिकट काट दिया गया है। नए चेहरों में सागर से लता वानखेड़े, रतलाम से अनिता नागर सिंह चौहान और बालाघाट से भारती पारधी को पहली बार लोकसभा चुनाव में उतारा है। जबकि धार से छतर सिंह दरबार का टिकट काटकर पूर्व सांसद सावित्री ठाकुर को फिर से लोकसभा चुनाव में उतार दिया गया है।

पिछले चुनाव में एक भी महिला नहीं जीती
2019 में कांग्रेस ने टीकमगढ़ से किरण अहिरवार, खजुराहो से कविता सिंह, शहडोल से प्रमिला सिंह, राजगढ़ से मोना सुस्तानी और मंदसौर से मीनाक्षी नटराजन को टिकट दिया था। इनमें से सभी महिला प्रत्याशी लाखों वोट से हारी थीं। सबसे ज्यादा 4 लाख 92 हजार वोटों से खजुराओ से कविता सिंह हारीं थीं। इस बार इनमें से एक भी महिला को टिकट मिलने की संभावना नहीं है।

कांग्रेस की 10 सीटों पर एक भी महिला नहीं
कांग्रेस ने भिंड, टीकमगढ़, सतना, सीधी, मंडला, छिंदवाड़ा, देवास, धार, खरगोन और बैतूल से प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इनमें से एक भी महिला को टिकट नहीं दिया गया है। हालांकि शेष 18 सीटों पर करीब 6 या 7 महिलाओं को टिकट दिया जा सकता है। इनमें पिछले साल विधानसभा चुनाव में जीतने या हारने वाले महिलाएं भी प्रत्याशी हो सकती हैं।