अयोध्या,  दीपावली के अवसर पर शनिवार को राम की नगरी अयोध्‍या 22 लाख से ज्‍यादा दीपों से जगमगा उठी। अयोध्‍या ने 22 लाख दीये जलाकर आपना ही रिकॉड तोड़ दिया और एक बार फिर एक नया रिकॉड अपने नाम किया है।
भगवान राम की नगरी अयोध्या ने यह उपलब्धि तब हासिल की, जब दिवाली की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव समारोह के दौरान एक ही समय में 51 घाटों पर लगभग 22।23 लाख मिट्टी के दीपक जलाए गए। 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के साथ अयोध्या में दीपोत्सव समारोह शुरू हुआ। उस वर्ष, लगभग 51,000 दीये जलाए गए और 2019 में यह संख्या 4.10 लाख हो गई। 2020 में 6 लाख से अधिक और 2021 में 9 लाख से अधिक मिट्टी के दीपक जलाए गए। 2022 में राम की पैड़ी के घाटों पर 17 लाख से ज्यादा दीये जलाए गए। हालांकि, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने केवल उन्हीं दीयों को ध्यान में रखा जो पांच मिनट या उससे अधिक समय तक जलते रहे और रिकॉर्ड 15.76 लाख पर सेट किया गया। 
दिवाली की पूर्व संध्या पर यहां सातवें दीपोत्सव से पहले रामायण, रामचरितमानस और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर आधारित 18 झांकियों के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में लोक कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी। कई स्थानों पर झांकियों की आरती उतारी गई। शोभायात्रा, उदया चौराहे से शुरू हुई और शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए राम कथा पार्क पहुंची।