भोपाल।  10 अप्रैल को नरेला क्षेत्र के नागरिक रामनवमी को दीपोत्सव के रूप में मनायेंगे। नरेला क्षेत्र में सभी लोग अपने घरों के बाहर दो दीपक जलायेंगे एक भगवान श्रीराम के नाम और एक राष्ट्र के नाम। साथ ही सभी लोग अपने-अपने वार्ड के प्रमुख चौराहों पर भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव भी बड़े धूमधाम से मनायेंगे। यह जानकारी नरेला विधायक और मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने दी।
मंत्री सारंग ने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया है कि इस वर्ष राम नवमी के शुभ अवसर पर अपने घर के बाहर दो दीपक जलायें एक भगवान श्रीराम के नाम और एक राष्ट्र के नाम और साथ ही अपने वार्ड के प्रमुख चौराहे पर शाम को भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनायें। इस शुभ अवसर पर ढोल, नगाड़े, आतिशबाजी और रामधुन के साथ भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनायें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में होने वाले श्रीराम जन्मोत्सव के कार्यक्रम में वे खुद भी  उपस्थित रहेंगे।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि लगभग 500 वर्षों के अन्तराल के बाद अयोध्या में राम जन्मभूमि पर रामलला का मंदिर फिर से बनने जा रहा है। इन 500 वर्ष के दौरान भारत की करीब 25 पीढ़ियों ने राम मंदिर के मुद्दे पर देश के संघर्ष को देखा। उन्होंने कहा कि हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि हमारे सामने राम मंदिर निर्माण का सपना साकार होने जा रहा है।
मंत्री सारंग ने कहा कि यह केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं है, अपितु राष्ट्रीय स्वाभिमान के जागरण का उद्घोष भी है। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के साथ ही देश को दुनिया के सामने एक समर्थ शक्तिशाली एवं समृद्ध भारत के रूप में खड़ा करना है।