भोपाल  रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर पूरी दुनिया में चिंता जताई जा रही है। बड़ी संख्या में लोग यूक्रेन में फंसे हुए हैं। इस बीच मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने इस युद्ध से लांग टर्म में भारत को फायदा मिलने की बात कही है। सकलेचा के इस बयान के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने उनकी चुटकी ली है।

फायदा गिनाने लगे सकलेचा

गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध हर दिन खतरनाक होता जा रहा है। तमाम लोग थर्ड वर्ल्ड वॉर की आशंका जता रहे हैं। वहीं मंगलवार को यूक्रेन में फंसा एक भारतीय छात्र रूसी सेना की गोलीबारी का शिकार हो गया। खुद रूस से लोग बड़े पैमाने पर युद्ध रोकने की अपील कर रहे हैं। इस बीच मध्य प्रदेश में लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने यूक्रेन-रूस युद्ध से भारत के फायदे की बात कह दी है। सकलेचा का दावा है कि इन हालात से आने वाले समय में भारतीय व्यापार को फायदा मिलेगा। मंत्री के मुताबिक जिस तरह से कोरोना के बाद चीन का सामान खरीदना बंद हुआ था और उससे भारतीय मैन्युफैक्चरिंग उद्योग को फायदा मिला था। ठीक उसी तरह से इस युद्ध के बाद भी होगा।

सलूजा ने ऐसे लिए मजे

उधर सकलेचा के इस ट्वीट पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने जमकर चुटकी ली है। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने सकलेचा के इस बयान का वीडियो ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि अभी तक तो यही देखा है कि युद्ध से कभी किसी का भला नहीं होता। जनहानि होती है, बर्बादी होती है। कोई इसके पक्ष में नहीं होता है। लेकिन एमपी के मंत्री कह रहे हैं कि रूस-यूक्रेन के युद्द से भारत को व्यापार में फायदा होगा। सलूजा ने आगे लिखा कि वास्तव में मध्य प्रदेश का का मंत्रिमंडल किसी अजूबे से कम नहीं।